IPL 2026: नांद्रे बर्गर पर लगा जुर्माना, ऋषभ पंत के विकेट से जुड़ा मामला

0

नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है। यह कार्रवाई इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 22 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन के कारण हुई। बर्गर ने लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को आउट करने के बाद उन्हें पवेलियन लौटने का इशारा किया, जिसे नियमों के खिलाफ माना गया क्योंकि ऐसे इशारे विपक्षी खिलाड़ी को उकसा सकते हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपनी लेवल-1 की गलती स्वीकार कर ली है, और आईपीएल नियमों के अनुसार इस तरह के उल्लंघन पर कोई औपचारिक सुनवाई नहीं होती, बल्कि निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी पूरी तरह रही फ्लॉप

राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रनों से हरा दिया। 159 रनों के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 ओवर में 119 रन पर आउट कर दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी काफी खराब रही। केवल मिचेल मार्श ही थोड़ा बहुत संघर्ष कर पाए। आयुष बडोनी, ऋषभ पंत और एडेन मार्कराम खाता नहीं खोल पाए।

लखनऊ सुपर जायंट्स की लगातार चौथी हार, टीम की हालत हुई खराब

इस हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में 9वें स्थान पर खिसक गई है। टीम ने 7 में से केवल 2 मुकाबले जीते हैं और लगातार चार हार के कारण उसका अभियान मुश्किल में नजर आ रहा है। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स शानदार फॉर्म में है, जिसने 7 मैचों में 5 जीत दर्ज करते हुए 10 अंक हासिल कर लिए हैं और वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, इससे पहले टीम को दो मुकाबलों में हार का सामना भी करना पड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here