आईपीएल में सचिन तेंदुलकर का दबदबा, रोहित शर्मा से बेहतर रहा जीत प्रतिशत

0

नई दिल्ली : जब भी सचिन तेंदुलकर का नाम लिया जाता है, तो एक ऐसे महान क्रिकेटर की छवि उभरती है जिन्होंने अपने करियर में वह सब कुछ हासिल किया, जिसका सपना हर खिलाड़ी देखता है। सचिन ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। उनके नाम दर्ज उपलब्धियां आज भी कई खिलाड़ियों के लिए एक सपना जैसी हैं, जिन्हें हासिल करना आसान नहीं है।

मुंबई इंडियंस के लिए 6 साल तक मैदान में उतरे सचिन

सचिन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर काफी लंबा था और उन्होंने इस दौरान भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट व वनडे क्रिकेट ही खेले। उन्होंने अपने लंबे क्रिकेट करियर में भारत के लिए एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच ही खेला, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग की जब साल 2008 में शुरुआत हुई उसमें उन्होंने मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया और इस टीम के लिए साल 2008 से लेकर 2013 तक यानी कुल 6 साल खेला। साल 2013 में जब मुंबई ने पहला आईपीएल खिताब जीता वो सचिन का आखिरी सीजन था।

मुंबई इंडियंस के लिए सचिन ने 55 मैचों में संभाली कप्तानी

सचिन तेंदुलकर मुंबई के साथ साल 2008 में जुड़े थे और साल 2013 में उन्होंने संन्यास ले लिया था। इन 6 साल में उन्होंने इस टीम के लिए कुल 55 मैचों में कप्तानी की और इनमें से उन्हें 32 मैचों में जीत मिली जबकि 23 मैचों में उन्हें हार मिली थी। सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में मुंबई की टीम ने साल 2010 में फाइनल में जगह बनाई थी और उप-विजेता रही थी। सचिन का जीत प्रतिशत बतौर कप्तान 58.18 का था जो रोहित शर्मा (55.82) से भी ज्यादा है। जीत प्रतिशत के लिहाज से सचिन मुंबई के सबसे सफल कप्तान हैं।

मुंबई के सबसे सफल कप्तान (जीत प्रतिशत)

सचिन तेंदुलकर- 58.18 प्रतिशत
रोहित शर्मा- 55.82 प्रतिशत
किरोन पोलार्ड- 55.55 प्रतिशत
रिकी पोंटिंग- 50.00 प्रतिशत
हरभजन सिंह- 46.66 प्रतिशत

आईपीएल में सचिन का प्रदर्शन रहा दमदार

सचिन तेंदुलकर का आईपीएल करियर ज्यादा लंबा तो नहीं रहा, लेकिन उन्होंने जितने साल इस लीग में खेला अपनी धाक जमाई। तेंदुलकर ने 6 सीजन में इस लीग में खेला और इस दौरान उन्होंने कुल 78 मैच खेले जिसमें उन्होंने 2334 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 119.82 का रहा जबकि उनका औसत 34.84 रहा। सचिन ने इन मैचों में एक शतक और 13 अर्धशतक भी जड़े। उनके बल्ले से 295 चौके और 29 छक्के निकले जबकि उन्होंने 23 कैच लिए और 11 बार नॉट आउट रहे।

ऑरेंज कैप जीतने वाले पहले भारतीय थे सचिन

सचिन तेंदुलकर आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने वाले पहले भारतीय थे। उन्होंने ये कमाल साल 2010 में किया था और इस सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 47.54 की औसत और 132.61 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 618 रन बनाए थे। इस सीजन में उन्होंने कुल 5 अर्धशतक लगाए थे और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 89 रन रहा था। इस सीजन में उन्होंने 466 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे जबकि 86 चौके और 3 छक्के भी लगाए थे।

मुंबई इंडियंस के लिए शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने सचिन

मुंबई के लिए पहला शतक आईपीएल में लगाने वाले बैटर सनत जयसूर्या थ जिन्होंने साल 2008 में ये कमाल किया था। वहीं सचिन तेंदुलकर ने साल 2011 में मुंबई के लिए आईपीएल में शतक लगाया था और वो ऐसा करने वाले ओवरऑल दूसरे खिलाड़ी बने थे। हालांकि मुंबई के लिए आईपीएल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ही थे। सचिन ने साल 2011 में कोच्चि टस्कर्स केरल के खिलाफ ये कमाल किया था। सचिन ने उस मुकाबले में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी।

मुंबई इंडियंस के आइकन खिलाड़ी रहे सचिन तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने आइकन खिलाड़ी के रूप में अपनी टीम में शामिल किया था, इसलिए उन्हें नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनाया गया। साल 2008 में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 11,21,250 डॉलर (करीब 4.48 करोड़ रुपये) में अनुबंधित किया था। उस समय के नियमों के अनुसार, किसी भी आइकन खिलाड़ी को टीम के सबसे महंगे खरीदे गए खिलाड़ी से 15 प्रतिशत अधिक भुगतान किया जाना तय था। मुंबई इंडियंस ने 2008 की नीलामी में सनथ जयसूर्या को 9,75,000 डॉलर में खरीदा था, और इसी राशि में 15 प्रतिशत जोड़ने के बाद सचिन की कुल कीमत 11,21,250 डॉलर निर्धारित की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here