RCB, RR और SRH के बीच कांटे की टक्कर: IPL 2026 प्लेऑफ की रेस हुई और रोमांचक

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में अभी तक 70 में से 42 लीग मैच खेले जा चुके हैं। अंकतालिका का ताजा हाल देखते हुए अभी पांच टीमों के बीच टॉप 4 यानी प्लेऑफ के लिए जंग रोचक दिख रही है। जिसमें से चार टीमें अभी नंबर 1 की कुर्सी के लिए लड़ रही हैं। पंजाब किंग्स को भी अब सीजन की पहली हार मिल चुकी है। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी भी अपने तीन मैच हार चुकी है। अगर राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो दोनों के बीच कांटे की टक्कर और पोजिशन की अदला-बदली मैच दर मैच जारी है।

टॉप 5 टीमों का IPL 2026 प्लेऑफ समीकरण, किसकी राह आसान?

पंजाब के 8 मैचों में 13 अंक हैं। यानी बचे हुए छह मैचों में से तीन मैच भी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम जीतती है तो प्लेऑफ में जगह बना सकती है। आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के मैच, हार और जीत सब अभी बराबरी पर है, बस नेट रनरेट का खेल जारी है। तीनों टीमों के पांच-पांच मैच बाकी हैं और अभी 12-12 अंक हैं। अगर कोई भी टीम पांच में से चार मैच भी जीतती है तो आसानी से प्लेऑफ में जगह बना लेगी। 3 जीत भी इनमें से किसी भी टीम को प्लेऑफ में पहुंचा सकती हैं। यानी स्थित तीनों की मजबूत है।

गुजरात टाइटंस की टीम 5वें स्थान पर है और 9 में से पांच मैच जीती है। मौका उसके पास भी पूरा है प्लेऑफ में जगह बनाने का। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 18 या 20 अंक का फिगर निर्णायक साबित हो सकता है। यह तो बात इन पांच टीमों की हो गई, वहीं दो टीमें मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ऐसी हैं जिनके लिए प्लेऑफ की राह अब बेहद मुश्किल नजर आ रही है। लखनऊ अंकतालिका में 10वें और मुंबई 9वें स्थान पर है। दोनों ने अभी तक 8-8 मैच खेले हैं और छह-छह मैचों में दोनों टीमों को हार मिली है। यानी सिर्फ 4 अंक ही हैं और अगर जादुई आंकड़ा छूना है तो मुंबई व लखनऊ को अब बचे हुए सभी मैच जीतने होंगे।

MI और LSG के लिए खतरे की घंटी, क्या प्लेऑफ से बाहर होंगी दोनों टीमें?

मौजूदा स्थिति को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि अभी की टॉप 4 टीमों में से कोई एक अगर 20 अंक तक पहुंची तो 16 अंक का फिगर जादुई आंकड़ा अंत में साबित हो सकता है। हर टीम को 14-14 लीग मैच खेलने हैं, इस लिहाज से अगर 16 के आंकड़े तक पहुंचना है तो लखनऊ और मुंबई को बचे हुए सभी मुकाबले जीतने होंगे। यह अभी की स्थिति को देखते हुए बेहद मुश्किल लग रहा है।

यही कारण है कि दोनों टीमों का सफर अब ग्रुप स्टेज में समाप्त होता ही नजर आ रहा है। केकेआर का भी हाल कुछ ऐसा ही लग रहा है। क्योंकि केकेआर ने भी अभी तक 8 मैच खेले हैं लेकिन उसे पांच में हार मिली है और एक मैच बारिश के कारण रद्द होने की वजह से उसके पास एक अंक अतिरिक्त है। पर 16 अंक तक पहुंचने के लिए कोलकाता को भी बचे हुए सभी 6 मैच जीतने होंगे। अगर पांच मैच भी वह जीती तो उसके 15 अंक रहे जाएंगे। 15 पॉइंट्स में प्लेऑफ का क्वालिफिकेशन मुश्किल है।

CSK और DC की प्लेऑफ उम्मीदें जिंदा, वापसी की राह खुली

चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें फिलहाल प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी नजर आ रही हैं। दोनों ने अब तक 8-8 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से तीन-तीन में जीत हासिल की है और पांच-पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 16 अंकों तक पहुंचने के लिए अपने बचे हुए छह मैचों में से पांच जीतने होंगे। अगर ये टीमें अपने सभी आगामी मुकाबले जीतने में सफल रहती हैं, तो टॉप 2 या टॉप 3 की रेस में भी मजबूती से शामिल हो सकती हैं। लेकिन यहां से एक भी हार इन दोनों टीमों को लखनऊ और मुंबई जैसी मुश्किल स्थिति में धकेल सकती है।

IPL 2026 के 42 मैचों के बाद अंकतालिका
टीम मैच जीत हार अंक नेट रन रेट
पंजाब किंग्स 8 6 1 13 +1.333
आरसीबी 9 6 3 12 +1.420
सनराइजर्स हैदराबाद 9 6 3 12 +0.832
राजस्थान रॉयल्स 9 6 3 12 +0.617
गुजरात टाइटंस 9 5 4 10 -0.192
चेन्नई सुपर किंग्स 8 3 5 6 -0.121
दिल्ली कैपिटल्स 8 3 5 6 -1.060
कोलकाता नाइट राइडर्स 8 2 5 5 -0.751
मुंबई इंडियंस 8 2 6 4 -0.784
लखनऊ सुपर जायंट्स 8 2 6 4 -1.106

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here