नई दिल्ली : क्रिकेट जगत में शुक्रवार (1 मई 2026) सुबह एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यह घटना अंडर-19 क्रिकेटरों से जुड़ी है, जिन पर होटल के बाथरूम में महिला का वीडियो बनाने का आरोप लगा है। मामला श्रीलंका के कोलंबो स्थित एक होटल का बताया जा रहा है, जहां श्रीलंका अंडर-19 टीम के दो खिलाड़ियों पर महिला की रिकॉर्डिंग करने के गंभीर आरोप लगे हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना नाराहेनपीटा क्षेत्र के एक होटल में हुई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह मामला इस हफ्ते की शुरुआत का है। जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उनके ऊपर होटल के बाथरूम में मोबाइल फोन से वीडियो बनाने के आरोप होटल में ठहरी हुई महिलाओं ने लगाए थे। हालांकि, बाद में इन दोनों खिलाड़ियों को 500,000 LKR (1564 यूएस डॉलर) पर जमानत मिल गई। नाराहेनपीटा पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि जो वीडियो शूट हुए हैं उसमें से कोई ऑनलाइन इंटरनेट पर तो नहीं शेयर किया गया। दोनों कथित आरोपी क्रिकेटर्स को शुरुआती सुनवाई के लिए अलुथकड़े मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया था। अब उनकी अगली पेशी 25 मई को होनी है।
श्रीलंका क्रिकेट ने क्या एक्शन लिया? जानें बोर्ड का बड़ा फैसला
हालांकि, इस मामले में श्रीलंका क्रिकेट की ओर से अब तक किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं बोर्ड के भीतर पिछले कुछ दिनों से लगातार उथल-पुथल का माहौल बना हुआ है। बीते 48 घंटों में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जहां पुराने अधिकारियों को पद से हटाया जा चुका है और एक ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी का गठन भी किया गया है। यह सभी बदलाव श्रीलंका सरकार के निर्देशों पर किए गए हैं।
हाल ही में आईपीएल में भी खिलाड़ियों को श्रीलंका क्रिकेट की ओर से एनओसी नहीं मिलने को लेकर विवाद सामने आया था। इससे पहले 2022 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया में श्रीलंका के एक प्रसिद्ध क्रिकेटर पर यौन उत्पीड़न के आरोप भी लग चुके हैं। इन घटनाओं से साफ है कि बोर्ड के भीतर लंबे समय से स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं रही है। अब देखना होगा कि यह नया मामला बोर्ड कितनी गंभीरता और सख्ती से लेता है। फिलहाल, श्रीलंका क्रिकेट की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।


