एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल की मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में चल रही 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदेश के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, कुशाग्र सिंह राजावत और हेमंत बर्मन ने पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। 10 मीटर एयर राइफल सीनियर मेन वर्ग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। महाराष्ट्र के रुद्रांक्ष पाटिल ने स्वर्ण और दिल्ली के पार्थ मखीजा ने रजत हासिल किया। 50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर मेन टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य, गोल्डी गुर्जर और सामी उल्लाह की टीम ने 1851.4 अंक के साथ रजत पदक जीता। नेवी टीम को स्वर्ण और महाराष्ट्र को कांस्य मिला। 50 मीटर राइफल प्रोन यूथ मेन वर्ग में हेमंत बर्मन ने 615.1 अंक लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र के वेदांत वाघमारे ने स्वर्ण और छत्तीसगढ़ के कुंवर कार्तिक सिंह देव ने रजत जीता।

डेफ वर्ग में कुशाग्र को गोल्ड
50 मीटर राइफल प्रोन डेफ मेन स्पर्धा में कुशाग्र सिंह राजावत ने 610.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। उत्तरप्रदेश के भूपेन्द्र प्रताप सिंह को रजत और हरियाणा के अरुण पांचाल को कांस्य मिला। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 3 से 15 मई 2026 तक चल रही है। आने वाले दिनों में 10 मीटर एयर राइफल वुमेन, 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन वुमेन और 50 मीटर राइफल प्रोन वुमेन स्पर्धाएं होंगी।
खेल मंत्री ने दी बधाई
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। यह प्रतियोगिता प्रदेश में शूटिंग खेल के विकास और प्रतिभाओं को मंच देने में अहम भूमिका निभा रही है।


