नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 51 मुकाबलों के बाद प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। अब टूर्नामेंट में सिर्फ 7 टीमें ही प्लेऑफ की दौड़ में बची हुई दिखाई दे रही हैं, क्योंकि बाकी तीन टीमें अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच सकती हैं। पिछले कई सीजन के आंकड़ों को देखें तो प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए आमतौर पर 16 अंक जरूरी माने जाते हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें लगभग समाप्त हो चुकी हैं। वहीं 51 मैचों के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
IPL 2026 में टॉप-2 की रेस हुई बेहद रोमांचक
टॉप 2 की रेस काफी रोचक होने वाली है। क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद 11 में से सात जीत के साथ 14 अंक लेकर टॉप पर है। अगर उसने बचे बुए तीनों मैच जीते तो शायद नंबर 1 पर ही लीग स्टेज के अंत तक रहेगी। अगर टीम 18 अंक तक रहती है तो अंत में सिर्फ हैदराबाद ही नहीं कई टीमें 18 पर ही रुक सकती हैं। ऐसे में नट रनरेट का अहम रोल हो जाएगा।
फिलहाल टॉप 2 की रेस में सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस हैं। इसमें हैदराबाद तो नंबर 1 है ही लेकिन पंजाब किंग्स के पास भी एक अतिरिक्त अंक का फायदा है जब उसका लीग मैच केकेआर के साथ रद्द हो गया था। पंजाब के 10 मैचों के बाद 13 अंक हैं। बचे हुए चार मैचों में से तीन जीत भी पंजाब को टॉप 2 में बरकरार रख सकती हैं। यानी 19 अंक के साथ पंजाब 2 में दावेदारी मजबूत कर सकता है।
अगर राजस्थान, आरसीबी और गुजरात की बात करें तो तीनों की स्थिति अभी समान है बस नेट रनरेट का फर्क है। इन तीनों टीमों ने 10 में से 6-6 मैच जीते हैं और चार गंवाए हैं। 12-12 अंक के साथ यह तीनों टीमें अभी टॉप 5 में हैं। इनके पास भी टॉप 2 का पूरा मौका है। बचे हुए चार में से चार मैच जीतने वाली टीम आराम से टॉप 2 में फिनिश कर सकती है। मगर ऐसा तीनों टीमें नहीं कर पाएंगी यह भी साफ है, क्योंकि आपस में भी इनके मुकाबले भिड़ेंगे।
CSK और KKR की प्लेऑफ उम्मीदें अब भी कायम
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। खासकर केकेआर ने जिस अंदाज में वापसी की है, उसने सभी को प्रभावित किया है। शुरुआती छह मुकाबलों में से पांच हारने और एक मैच रद्द होने के बाद यह टीम जीत के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन अब लगातार चार जीत दर्ज कर शानदार वापसी कर चुकी है। 10 मैचों के बाद कोलकाता के खाते में 9 अंक हैं और यदि टीम अपने बाकी चार मुकाबले जीत लेती है तो 17 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल दावेदार बन सकती है।
अगर चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो येलो आर्मी ने भी शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है। टीम के पास टॉप-3 में जगह बनाने का बेहतरीन मौका मौजूद है। सीएसके ने अब तक 10 में से 5 मुकाबले जीते हैं और उसके चार मैच अभी बाकी हैं। यदि चेन्नई अपने सभी शेष मैच जीतने में सफल रहती है तो टीम 18 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं अगर टीम चार में से तीन मुकाबले भी जीत लेती है, तो 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने की मजबूत दावेदार बन सकती है।


