सूर्यकुमार यादव की जगह कौन संभालेगा टी20 टीम की कमान? ये 3 खिलाड़ी रेस में

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम ने हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। अब टीम इंडिया की नजर 2028 टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजेलिस ओलंपिक पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए सूर्यकुमार यादव की बढ़ती उम्र और हालिया खराब बल्लेबाजी फॉर्म के कारण नए विकल्पों पर चर्चा तेज हो गई है। भारतीय टीम में अब अगले टी20 कप्तान को लेकर हलचल बढ़ने लगी है। ऐसे में तीन खिलाड़ियों के नाम सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं, जो भविष्य में सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं।

श्रेयस अय्यर का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे बताया जा रहा था लेकिन अब इस लिस्ट में एक नया नाम सामने आ गया है। श्रेयस को लेकर खबरें थीं कि उनकी टी20 टीम में वापसी होगी और वह टीम के कप्तान भी बनाए जा सकते हैं। मगर अब कुछ रिपोर्ट्स नए नाम भी बता रही हैं। फिलहाल हम तीन दावेदारों की बात करते हैं जो सूर्या की जगह टीम इंडिया के टी20 कप्तान बन सकते हैं। आइए एक-एक करके जानते हैं सभी नाम और उनके रिकॉर्ड के बारे में:-

1- श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर का नाम इन दिनों भारतीय टी20 टीम की कप्तानी के लिए सबसे ज्यादा चर्चा में है। आईपीएल में लगातार कप्तान के तौर पर उनकी सफलता और शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन ने उन्हें मजबूत दावेदार बना दिया है। श्रेयस फिलहाल भारत की वनडे टीम के उपकप्तान भी हैं। उन्होंने सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल चैंपियन बनाया, जबकि पंजाब किंग्स 2025 में उपविजेता रही और 2026 सीजन में भी प्लेऑफ की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। श्रेयस अय्यर अब तक आईपीएल में 97 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिनमें उनकी टीम को 54 मुकाबलों में जीत मिली है। उनका जीत प्रतिशत लगभग 59 रहा है।

2- संजू सैमसन

अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की बात करें तो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी संजू शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और शुरुआती 10 मैचों में 400 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और राजस्थान रॉयल्स के लिए लंबे समय तक कप्तानी करने के अनुभव को देखते हुए अब उन्हें चयनकर्ताओं की पहली पसंद माना जा रहा है। पहले जहां श्रेयस अय्यर के नाम की चर्चा ज्यादा थी, वहीं अब संजू सैमसन को भारत का अगला टी20 कप्तान बनने का मजबूत दावेदार बताया जा रहा है। कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें तो संजू ने 2021 से 2025 तक राजस्थान रॉयल्स के लिए 67 आईपीएल मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम को 33 मुकाबलों में जीत मिली। उनकी कप्तानी में राजस्थान 2022 में उपविजेता रही, जबकि 2024 में टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया।

3- इशान किशन

इशान किशन ने टीम में वापसी के बाद अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता से भी सभी का ध्यान खींचा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने शानदार कप्तानी और दमदार बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए पहली बार झारखंड को चैंपियन बनाया था। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में इशान ने टीम की जिम्मेदारी संभाली और उनकी कप्तानी व बल्लेबाजी के दम पर टीम अंकतालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी के लिए इशान किशन भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उनकी युवा उम्र को देखते हुए टीम इंडिया को लंबे समय तक एक सफल टी20 कप्तान मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here