चेन्नई की राह में मौसम बना बाधा, बारिश बिगाड़ सकती है प्लेऑफ का गणित

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक और पेचीदा हो चुकी है। कई टीमों के लिए अब हर मुकाबला जीतना बेहद जरूरी बन गया है। ऐसे में अगर कोई मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो इससे टीमों के समीकरण पूरी तरह बिगड़ सकते हैं। यही चिंता अब चेन्नई सुपर किंग्स के सामने भी है। चेन्नई अपनी सीजन का 11वां मुकाबला रविवार, 10 मई को चेपॉक में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी, लेकिन इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच चेपॉक में होने वाले मुकाबले पर बारिश का खतरा बना हुआ है। मैच के लिए बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है और मुकाबले से एक दिन पहले भी चेपॉक स्टेडियम में काले बादल छाए रहे, जबकि पिच लगातार कवर्स से ढकी रही। यह दिन का मैच है, जिसका टॉस दोपहर 3 बजे होना है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार, 10 मई को चेन्नई में दिन, दोपहर और शाम—तीनों समय बारिश की संभावना बनी हुई है।

रविवार को चेन्नई का मौसम कैसा रहेगा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविवार को चेन्नई में दिन के समय बारिश की 55 प्रतिशत संभावना जताई गई है। इस दौरान करीब 33 प्रतिशत बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही लगभग एक घंटे तक बारिश हो सकती है, जिससे मैदान गीला रहने की भी आशंका है। चूंकि यह दिन का मुकाबला है, इसलिए मौसम मैच पर बड़ा असर डाल सकता है।

दोपहर के समय, यानी 12 बजे के बाद चेन्नई में बारिश की 25 प्रतिशत संभावना जताई गई है, जबकि करीब 85 प्रतिशत बादल छाए रहने का अनुमान है। ऐसे में मैच के दौरान रुकावट आने की आशंका बनी हुई है। वहीं, 10 मई की शाम को भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। शाम के वक्त भी 25 प्रतिशत बारिश की संभावना है और 70 प्रतिशत से अधिक बादल छाए रह सकते हैं।

बारिश बनी खतरा, रद्द मुकाबले से कौन सी टीम फंसेगी?

कुल मिलाकर चेन्नई और लखनऊ के बीच होने वाला यह मुकाबला मौसम की वजह से प्रभावित हो सकता है। यदि बारिश लगातार होती रही तो मैच को छोटे ओवरों का करना पड़ सकता है या फिर मुकाबला रद्द भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। लखनऊ की टीम पहले ही लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर मानी जा रही है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि उनके 18 अंकों तक पहुंचने की संभावना को नुकसान पहुंचेगा।

अगर यह मुकाबला नहीं हो पाता, तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आगे की राह और कठिन हो जाएगी। इसके बाद टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए अपने बाकी बचे तीनों मैच हर कीमत पर जीतने होंगे। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स भी 17 अंकों तक पहुंच सकती है, जिससे मुकाबला और कड़ा हो जाएगा। ऐसे में चेन्नई को सिर्फ अपनी जीत पर ही नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों और नेट रन रेट पर भी नजर रखनी पड़ेगी। यही वजह है कि सीएसके और उसके समर्थक चाहेंगे कि यह मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here