एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर अरेरा प्रीमियर लीग इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार सुबह उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर बीडीसीए सचिव शांति जैन, जूनियर इंटरनेशनल खिलाड़ी सौम्या तिवारी सहित समीर मिरिकर, मुकेश भटनागर, ज्योतिरादित्य सिंह और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत कपूर और सुरेश चैनानी ने किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में अंडर-12 वर्ग में प्रताप हाउस ने पृथ्वी हाउस को 21 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रताप हाउस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 114 रन बनाए। ओजस ठाकुर ने 19, संस्कार रघुवंशी ने 14 और कुलदीप गोंड ने 13 रन का योगदान दिया। जवाब में पृथ्वी हाउस की टीम 8 विकेट पर 93 रन ही बना सकी। जय कामदार और संस्कार रघुवंशी ने 2-2 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए संस्कार रघुवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में अंडर-14 वर्ग में जयहिंद हाउस ने सत्यमेव जयते हाउस को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सत्यमेव जयते हाउस ने 9 विकेट पर 115 रन बनाए। विवान द्विवेदी ने 23, समर्थ थापक ने 18, आर्यमन सिंह ने 15 और आदित्य सोलंकी ने 14 रन बनाए। जयहिंद हाउस की ओर से देवात्मान नेगी और जय बैरागी ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जयहिंद हाउस ने 5 विकेट खोकर 116 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। युवराज जाट ने शानदार 40 रन बनाए, जबकि अनिका खरे ने 15 और सुधीर अहिरवार ने 14 रन का योगदान दिया। रुद्राक्ष प्रताप सिंह ने 2 विकेट हासिल किए। युवराज जाट को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में रविवार को अंडर-14 वर्ग में पृथ्वी हाउस और शिवाजी हाउस तथा जयहिंद और वंदेमातरम हाउस के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।


