– एंड्योरेंस एथलीट अभिन्नंदन गुप्ता ने 12 घंटे 7 मिनट में पूरी की चुनौतीपूर्ण रेस, अब फुल आयरनमैन यूएसए की तैयारी में जुटे
एनएसटी न्यूज, भोपाल। इंदौर के एंड्योरेंस एथलीट और उद्यमी अभिन्नंदन गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर और देश का मान बढ़ाया है। थाईलैंड में आयोजित दुनिया की प्रतिष्ठित रेसों में से एक ‘UTMB अमेज़ॅन जंगल थाईलैंड 55KM अल्ट्रा ट्रेल रन’ को सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। घने जंगलों और दुर्गम रास्तों वाली इस 55 किलोमीटर की रेस को उन्होंने लगभग 12 घंटे 7 मिनट में पूरा किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के दिग्गज धावकों ने हिस्सा लिया था। रेस का मार्ग बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसमें जंगल के ऊबड़-खाबड़ रास्तों के साथ-साथ ऊंचाई वाले चढ़ाव और बदलते मौसम ने धावकों की कड़ी परीक्षा ली। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभिन्नंदन ने हार नहीं मानी और शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कैटेगरी में उल्लेखनीय रैंक हासिल की।
अनुभवी एथलीट हैं अभिन्नंदन
अभिन्नंदन गुप्ता पिछले कई वर्षों से एंड्योरेंस स्पोर्ट्स और एडवेंचर रेसिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी झोली में कई बड़ी उपलब्धियां शामिल हैं, जिनमें आयरनमैन 70.3 वियतनाम, आयरनमैन 70.3 गोवा 2025 फिनिशर, ओशनमैन ओपन वॉटर स्विमिंग और एक्सटेरा माउंटेन ट्रायथलॉन फिनिशर जैसी प्रतिष्ठित रेस शामिल हैं। वे एक्सटेरा वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई भी कर चुके हैं और भारत की पहली बॉर्डर एडवेंचर रेस का हिस्सा रहे हैं। अपनी इस सफलता के बाद अब अभिन्नंदन आगामी ‘फुल आयरनमैन यूएसए’ और ‘एक्सटेरा वर्ल्ड चैंपियनशिप, न्यू मेक्सिको’ जैसी विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुट गए हैं। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत को एक नई पहचान दिलाना है।
अनुशासन से बदलें जीवन: अभिन्नंदन
अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन को देते हुए अभिन्नंदन ने कहा कि सही आदतें और मजबूत मानसिकता अपनाकर कोई भी अपनी सीमाओं को पार कर सकता है। यदि युवा अपनी जीवनशैली और सोच बदल लें, तो वे दुनिया के किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं।” उनकी इस उपलब्धि पर शहर के खेल प्रेमियों और मित्रों ने उन्हें बधाई दी है।


