बरखेड़ा नाथू इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और हॉकी अकादमी की आधुनिक सुविधाओं की सराहना
एनएसटी न्यूज, भोपााल। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विकसित विश्वस्तरीय हॉकी अधोसंरचना और बरखेड़ा नाथू स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हॉकी इंडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने निरीक्षण किया। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बालू सिंह यादव के साथ हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, कोषाध्यक्ष सेकर जे. मनोहरन और महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने हॉकी अकादमी में उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर की एस्ट्रोटर्फ सुविधाओं, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवास, फिटनेस सेंटर और खेल विज्ञान आधारित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों ने प्रदेश में विकसित खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय माहौल मिल रहा है, जो भारतीय हॉकी के भविष्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
बरखेड़ा नाथू में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह परिसर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, फिटनेस, रिकवरी और प्रतियोगी वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने माना कि इस तरह की आधुनिक और समग्र खेल अधोसंरचना से मध्यप्रदेश देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। अकादमी के कई खिलाड़ी भारतीय टीम में स्थान बनाकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रदेश का गौरव बढ़ा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में प्रदेश में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे मध्यप्रदेश हॉकी सहित विभिन्न खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।


