एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 महिला टीम के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत शानदार की और 11वें मिनट में दीया के गोल की मदद से बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।

हालांकि दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार चार गोल दागे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनेलीस कुलन ने 26वें मिनट, गिजेल थॉम्पसन ने 31वें मिनट, आरोरा कोवासेविच ने 36वें मिनट और स्टेला बार्थोलोम्यूज़ ने 48वें मिनट में गोल कर टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई। चार मैचों की सीरीज में पिछड़ने के बाद अब भारतीय टीम वापसी की उम्मीद के साथ सोमवार को होने वाले तीसरे मुकाबले में उतरेगी। खास बात यह रहेगी कि दोनों टीमें पहली बार नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मैदान पर खेलती नजर आएंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और स्थानीय खेल प्रेमियों में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।


