NST News, भोपाल. अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग के फाइनल मुकाबले में पृथ्वी हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवाजी हाउस को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। शिवाजी हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 71 रन बनाए। टीम की ओर से अभ्युदय भदौरिया ने 22 और हार्दिक पटेल ने 14 रन का योगदान दिया। पृथ्वी हाउस की तरफ से रितुल जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि सानिध्य मिश्रा और रुद्र प्रताप को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पृथ्वी हाउस की टीम ने 13वें ओवर में जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रितुल जैन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 35 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शिवाजी हाउस की ओर से निर्भय सिंह और आरव जाट ने 2-2 विकेट लिए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रितुल जैन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में जयहिंद हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 81 रन बनाए। टीम की ओर से युवराज जाट ने 22, आराध्या सिंह ने 11 और सुधीर ने 10 रन बनाए। वन्देमातरम की ओर से शानवी मंडलोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि ईरनवीर सिंह ने 2 विकेट हासिल किए। युवराज सिंह, वंश पुवार और उदित कुशवाह को 1-1 विकेट मिला।
जवाब में वन्देमातरम हाउस ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चैंपियन बनने में सफल रहा। शिवांश अग्रवाल ने 35 रन और ईरनवीर सिंह ने 10 रन का योगदान दिया। जयहिंद की ओर से जय बैरागी और अनुज यादव ने 2-2 विकेट लिए। मुकाबले के बाद भोपाल के समाजसेवक एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता विवेक सारंग ने शानवी मंडलोई को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।


