फेडरेशन कप 2026: गुरिंदरवीर के बाद अनिमेष कुजूर ने भी 100 मीटर में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 में शुक्रवार को रांची में 100 मीटर दौड़ के दौरान जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक-दूसरे का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस शानदार मुकाबले ने भारतीय एथलेटिक्स में नई ऊर्जा भर दी। बिरसा मुंडा स्टेडियम में 100 मीटर सेमीफाइनल में प्रतिस्पर्धा करते हुए 25 वर्षीय गुरिंदरवीर सिंह ने पहले सेमीफाइनल में 10.17 सेकेंड का समय निकालकर अनिमेष कुजूर द्वारा पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

22 वर्षीय अनिमेष ने अगले सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकेंड के समय के साथ अपना रिकॉर्ड फिर से हासिल कर लिया। वह एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 10.16 सेकेंड के प्रवेश मानक से कम समय में दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट भी बन गए। पुरुषों की 100 मीटर फाइनल में शनिवार को अनिमेष और गुरिंदरवीर के बीच सीधा मुकाबला होगा। भारत की प्रमुख घरेलू एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक फेडरेशन कप 2026 है। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा। यह राष्ट्रमंडल खेलों 2026 के लिए एकमात्र सेलेक्शन ट्रायल के रूप में आयोजिक की जा रही है।

इन खेलों के लिए हर देश को अधिकतम 32 ट्रैक एंड फील्ड एथलीटों तक सीमित रखा गया है, इसलिए एएफआई ने सभी इवेंट में योग्यता के लिए कड़े मानक निर्धारित किए हैं। पुरुषों की 100 मीटर के लिए एथलीटों को योग्यता हासिल करने के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ना जरूरी था। राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 के पहले दिन 10000 मीटर, हैमर थ्रो और महिला लॉन्ग जंप के फाइनल मुकाबले भी हुए।

एशियन गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट एंसी सोजन ने 6.75 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ महिला लॉन्ग जंप में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके बाद शैली सिंह (6.58 मीटर) और भवानी यादव (6.39 मीटर) ने अपनी जगह बनाई। महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में सीमा ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित 56.85 मीटर के मानक को पार करते हुए 57.29 मीटर का थ्रो किया और पहला स्थान हासिल किया। निधि रानी (55.05 मीटर) और कृष्णा जयशंकर (55.00 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

एथलेटिक्स फेडरेशन कप के पहले दिन चमके ये स्टार खिलाड़ी
  • पुरुषों की 10000 मीटर (सीडब्ल्यूजी क्वालीफिकेशन – 27:39.03): 1. दीपक भट्ट (29:42.93 सेकेंड); 2. शैलेश कुशवाहा (29:57.56 सेकेंड); 3. प्रशांत चौधरी (30:36.97 सेकेंड)
  • महिलाओं की 10000 मीटर (सीडब्ल्यूजी क्वालीफिकेशन – 31:14.14): 1. रवीना गायकवाड़ (35:30.98 सेकेंड); 2. सोनिया (36:16.22 सेकेंड); आरती पवारा (36:24.79 सेकेंड)
  • पुरुषों का हैमर थ्रो (सीडब्ल्यूजी क्वालीफिकेशन – 73.09 मीटर): 1. आशीष जाखर (68.52 मीटर); 2. दमनीत सिंह (67.62 मीटर) अजय कुमार (64.93 मीटर)
  • महिलाओं का लॉन्ग जंप (सीडब्ल्यूजी क्वालीफिकेशन – 6.84 मीटर): 1. एंसी सोजन (6.75 मीटर); 2. शैली सिंह (6.58 मीटर); 3. भवानी यादव (6.39 मीटर)
  • महिलाओं का डिस्कस थ्रो (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन – 56.85 मीटर): 1. सीमा (57.29 मीटर); 2. निधि रानी (55.05 मीटर); 3. कृष्णा जयशंकर (55.00 मीटर)
  • पुरुषों का 3000 मीटर स्टीपलचेज़ (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन – 8:30.26 सेकेंड): 1. बालकिशन (8:56.01 सेकेंड); 2. शाहरुख खान (8:56.63 सेकेंड); 3. सुनील जिनाभाई (8:58.3 सेकेंड)
  • महिलाओं का 3000 मीटर स्टीपलचेज़ (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन – 9:27.41 सेकेंड): 1. अंकिता (9:48.16 सेकेंड); 2. प्राची देवकर (10:16.29 सेकेंड); 3. अंजू (10:28.23 सेकेंड)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here