ब्रिस्बेन। मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली वूशु खिलाड़ी और भारतीय एयर फोर्स में जूनियर वारंट ऑफिसर अंजुल नामदेव ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित HYX ओशिनिया इंटरनेशनल वूशु कुंग फू चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक हासिल किया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 21 से 25 मई तक ब्रिस्बेन, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित की जा रही है, जिसमें 20 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अंजुल नामदेव ने कियाँशु स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
मध्यप्रदेश के मूल निवासी अंजुल नामदेव एकलव्य एवं विक्रम अवॉर्ड से सम्मानित खिलाड़ी हैं। वे भारतीय वूशु दल का प्रतिनिधित्व करते हुए पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। अंजुल तीन बार एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्तमान में सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के संभावित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हैं। चयन होने पर वे लगातार चौथी बार एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंजुल को विश्वामित्र अवॉर्डी और भारतीय वूशु दल की प्रशिक्षक सारिका गुप्ता का मार्गदर्शन लगातार मिल रहा है। अंजुल जबलपुर निवासी श्याम और सुनीता नामदेव के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर सारिका गुप्ता, एन.के. त्रिपाठी, वैशाली नामदेव, विकास चतुर्वेदी, रजनीश सक्सेना, सिद्धार्थ श्रीवास्तव सहित कई खेल प्रेमियों और वूशु खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं दी हैं।


