जापान रवाना हुई भारत की अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी टीमें, भोपाल कैंप में किया था अभ्यास

0

नई दिल्ली। भारत की अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी टीमें यू-18 एशिया कप 2026 में भाग लेने के लिए जापान के काकामिगाहारा रवाना हो गई हैं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें एशिया की शीर्ष युवा टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष टीम सोमवार शाम और महिला टीम मंगलवार सुबह दिल्ली से जापान के लिए रवाना हुई। दोनों टीमों ने भोपाल स्थित साई के उदय दास मेहता (भाईजी) सेंट्रल सेंटर में एक महीने तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारी की।

पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ में सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा शामिल हैं, जबकि महिला टीम को पूर्व भारतीय कप्तान रानी प्रशिक्षण दे रही हैं। तैयारी के दौरान भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने भोपाल में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के खिलाफ चार-चार मैचों की सीरीज खेली। पुरुष टीम ने एक मैच जीता, एक हारा जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे। वहीं महिला टीम ने सीरीज का समापन शानदार जीत के साथ किया। इन मुकाबलों से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिला।

भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी फॉरवर्ड केतन कुशवाह करेंगे। टीम पूल-ए में कजाखस्तान, जापान, कोरिया और चाइनीज ताइपे के साथ रखी गई है। भारत 29 मई को कजाखस्तान के खिलाफ अभियान शुरू करेगा। इसके बाद 31 मई को जापान, 1 जून को कोरिया और 3 जून को चाइनीज ताइपे से मुकाबला होगा। पूल-बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन शामिल हैं। दोनों पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

महिला टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी। भारतीय महिला टीम पूल-ए में कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ है। भारत अपना पहला मुकाबला 30 मई को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा, जबकि 31 मई को कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से भिड़ेगा। कप्तान स्वीटी कुजूर ने कहा कि टीम पूरी तरह उत्साहित और आत्मविश्वास से भरी है। उन्होंने कहा कि भोपाल कैंप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबलों से टीम को काफी फायदा मिला है और सभी खिलाड़ी देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने को तैयार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here