NST news, bhopal. संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शांति शर्मा और उनकी शोध टीम को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय ने उनके “इंटेलिजेंट फिटनेस मॉनिटरिंग यूनिट फॉर बायोमेट्रिक एंड साइकोमेट्रिक एनालिसिस” डिज़ाइन को आधिकारिक डिज़ाइन रजिस्ट्रेशन प्रदान किया है। यह पंजीकरण डिज़ाइन नंबर 482621-001 के अंतर्गत किया गया है तथा प्रमाणपत्र 24 फरवरी 2026 को जारी हुआ। यह नवाचार फिटनेस मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक और साइकोमेट्रिक विश्लेषण से संबंधित है, जो स्वास्थ्य एवं खेल विज्ञान के क्षेत्र में उपयोगी माना जा रहा है। शोध टीम के अनुसार यह तकनीक आधुनिक माध्यमों से फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के विश्लेषण को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगी।
इस उपलब्धि में डॉ. शांति शर्मा के साथ डॉ. सतीश कुमार, चंचल सिंह कौशिक और फिरोज खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डॉ. सतीश कुमार शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी साइंस एंड कॉमर्स महाविद्यालय से जुड़े हुए हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने पूरी शोध टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान ही नहीं बल्कि पूरे शैक्षणिक और शोध क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. शांति शर्मा और उनकी टीम ने अपने नवाचार और शोध क्षमता से यह साबित किया है कि निरंतर प्रयास और समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।


