NST, NEWS, भोपाल। प्रसून सारंग स्मृति अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेज अभय गोस्वामी क्रिकेट एकेडमी (SAGCA) को 7 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। मुकाबला विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेला गया, जहां गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने दमदार खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SAGCA की टीम निर्धारित 30 ओवरों में 9 विकेट पर 117 रन ही बना सकी। टीम की ओर से राज मीना ने 19 रन, वेदांत व्यास ने नाबाद 17 रन और लक्ष्य राज ने 16 रन बनाए। विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी की तरफ से वंश बाथम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं विनाम्र समुद्र ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और केवल 14.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। कबीर अग्रवाल ने 30 रन और हर्षित मालवीय ने 27 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में समर मकवाना ने नाबाद 18 रन और विनाम्र समुद्र ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। SAGCA की ओर से विशाल ने 3 विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वंश बाथम को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।


