नई दिल्ली. भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ दी है। यह फैसला टीम के आईपीएल 2026 में आखिरी स्थान पर रहने के बाद लिया गया। लखनऊ फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।टॉम मूडी ने बयान में कहा कि पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसे फ्रेंचाइजी ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि अब टीम का फोकस नए सिरे से निर्माण और बेहतर प्रदर्शन पर रहेगा।
ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपए में खरीदा गया था, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम लगातार संघर्ष करती रही। LSG 2025 में सातवें और 2026 में दसवें स्थान पर रही। पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने IPL 2025 में 269 और 2026 में 312 रन बनाए। अब सवाल यह है कि LSG उन्हें केवल खिलाड़ी के रूप में बरकरार रखेगी या नई रणनीति अपनाएगी। फिलहाल टीम के नए कप्तान को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन संभावित विकल्प माने जा रहे हैं।


