काकामिगहारा (जापान). भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 में शानदार आगाज करते हुए कजाकिस्तान को 13-0 से करारी शिकस्त दी। पूल-ए में खेले गए मुकाबले में कप्तान केतन कुशवाहा ने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत की ओर से केतन कुशवाहा ने 18वें और 45वें मिनट में दो लगातार गोल सहित कुल तीन गोल किए। प्रह्लाद राजभर, आशीष तानी पूर्ति, अंश बहुत्रा और शाहरुख अली ने दो-दो गोल दागे। वहीं गाजी खान और आकाश दीप ने भी एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया।
भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच पर दबदबा बनाए रखा। शाहरुख अली ने 12वें मिनट में पहला गोल कर भारत का खाता खोला, जबकि प्रह्लाद राजभर ने दो मिनट बाद बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। भारत ने हाफ टाइम तक 6-0 की बढ़त बना ली थी, जबकि तीसरे क्वार्टर के अंत तक स्कोर 11-0 पहुंच गया। अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा और मुकाबला 13-0 से अपने नाम किया। अब भारतीय टीम 31 मई को मेजबान जापान से भिड़ेगी।


