NST NEWS, भोपाल. बीडीसीए द्वारा आयोजित एच.एम.जी. कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। डी.पी.एस. खेल मैदान पर खेले गए मुकाबले में सेंट माइकल अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 39.2 ओवर में 125 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से उमेद खान ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि मानवेन्द्र सिंह ने 26 रनों का योगदान दिया। सेंचुरियन अकादमी की ओर से अद्विक अरोरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। शिवांशु मिश्रा और रोहन ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंचुरियन अकादमी ने 24 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में अनिमेष सक्सेना ने 52 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि नीलांग मिश्रा ने 30 रन बनाए। सेंट माइकल की ओर से मानवेन्द्र सिंह, अदीब अली खान और मोहम्मद मुस्तफा ने एक-एक विकेट लिया, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सेंचुरियन अकादमी के अद्विक अरोरा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने महत्वपूर्ण 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सेकंड राउंड का तीसरा मुकाबला गुरुवार सुबह 8 बजे नायर क्रिकेट अकादमी और वीएस अकादमी के बीच खेला जाएगा।


