नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया था और अब वह 9 जून से एक बार फिर मैदान पर नजर आने वाले हैं। युवा बल्लेबाज का क्रेज भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच लगातार बढ़ता जा रहा है और फैंस उनकी हर पारी को देखने के लिए उत्साहित रहते हैं। चाहे मुकाबला देश में हो या विदेश में, क्रिकेट प्रेमी वैभव की बल्लेबाजी का कोई भी मौका गंवाना नहीं चाहते। उनके बढ़ते प्रभाव और लोकप्रियता को देखते हुए अब इंडिया ए के श्रीलंका दौरे पर खेले जाने वाले मुकाबलों का भी लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे फैंस उनके प्रदर्शन का सीधा आनंद उठा सकेंगे।
ट्राई सीरीज की लाइव कवरेज करेगा सोनी स्पोर्ट्स
वैभव सूर्यवंशी का क्रेज अब इंटरनेशनल लेवल पर भी फैल रहा है और ऐसा लग रहा है कि इसकी वजह से ब्रॉडकास्टर अपनी स्ट्रैटेजी पर दोबारा सोचने पर मजबूर हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडिया ए टीम में उनके शामिल होने से लोगों में काफी दिलचस्पी जागी है और इसी को देखते हुए अधिकारियों ने फैसला किया है कि श्रीलंका में होने वाली अगली ट्राई-सीरीज का टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस सीरीज में भारत, अफगानिस्तान और मेजबान श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडिया ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं, लेकिन इस टीम में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की मौजूदगी ने इस ट्राई-सीरीज का रुतबा और भी बढ़ा दिया है। वैभव ने हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल किया था और सबको चौंका दिया था। वैभव अब हर किसी के फेवररेट हैं अब उनकी इसी लोकप्रियता ने ब्रॉडकास्टर को इस सीरीज के बारे में नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया है।
9 से 21 जून तक आयोजित होने वाली ट्राई सीरीज का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर उपलब्ध रहेगी। श्रीलंका क्रिकेट के आधिकारिक प्रसारण साझेदार के रूप में Sony Sports Network के पास श्रीलंका में खेले जाने वाले क्रिकेट मुकाबलों के मीडिया अधिकार हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नेटवर्क के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि टूर्नामेंट के सभी मैचों का लाइव प्रसारण व्यापक कवरेज के साथ किया जाएगा। इसके अलावा सोनी के पास भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के भी अधिकार हैं, जिसके अगस्त के दूसरे हिस्से में आयोजित होने की संभावना है।


