नई दिल्ली : नवा रायपुर( NST NEWS) छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 के तीसरे संस्करण में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में रायपुर रॉयल्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा टाइगर्स को 9 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का आयोजन 3 जून से 14 जून 2026 तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में किया जा रहा है।
मैच में रायपुर रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरगुजा टाइगर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान आशुतोष सिंह ने 65 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि आनंद राव ने नाबाद 44 रन और सानिध्य हुरकट ने 31 रनों का योगदान दिया। रायपुर की ओर से आशीष चौहान और गौरव चतुर्वेदी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
187 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर रॉयल्स की शुरुआत बेहद शानदार रही। टीम के सलामी बल्लेबाज अमनदीप खरे ने अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ दिया। खरे ने मात्र 62 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। उनके साथ अमित कुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी। इसके बाद रायपुर रॉयल्स ने 19.1 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर 189 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सरगुजा टाइगर्स की ओर से हर्ष यादव को एकमात्र विकेट मिला।
लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने वाले अमनदीप खरे को उनकी मैच विजयी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। CCPL 2026 में रायपुर रॉयल्स की यह जीत उनके मजबूत इरादों और संतुलित टीम प्रदर्शन का परिचायक रही। वहीं अमनदीप खरे की लगातार दूसरी शतकीय पारी ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है। उनके शानदार फॉर्म ने आने वाले मुकाबलों में विपक्षी टीमों के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है। क्रिकेट प्रेमियों को अब टूर्नामेंट के आगामी मैचों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद रहेगी।


