टी20 विश्व कप 2026 से पहले टीम को बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर

0

नई दिल्ली : आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड में होने जा रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही श्रीलंका की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की अनुभवी रिस्ट स्पिनर शशिनी गिम्हानी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनके बाहर होने से श्रीलंकाई टीम की तैयारियों को असर पहुंचा है। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट ने उनके विकल्प का भी ऐलान कर दिया है। शशिनी की जगह चेतना विमुक्ति को विश्व कप स्क्वॉड में शामिल किया गया है, जो अब आगामी मुकाबलों में टीम की स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालती नजर आएंगी।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभी तक नहीं उतरीं चेतना विमुक्ति

विमुक्ति ने श्रीलंका के लिए अभी तक कोई भी T20I मैच नहीं खेला है। उन्होंने अभी तक सिर्फ वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया और वहां उन्हें तीन मैचों में खेलने का मौका मिला है। उन्हें मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने का मौका मिला था। वह इसी साल की शुरुआत में हुए ‘वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ टूर्नामेंट का हिस्सा थीं। वहां उन्होंने श्रीलंका ‘ए’ टीम के लिए एक टी20 मैच खेला था।

2024 टी20 विश्व कप में श्रीलंका नहीं दिखा सकी दम

श्रीलंका की टीम महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 2 जून को ब्रिटेन रवाना हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज चमारी अट्टापट्टू के हाथों में होगी। यह उनके करियर का 10वां टी20 विश्व कप होगा, जिससे वह एक खास उपलब्धि भी हासिल करेंगी। श्रीलंकाई टीम इस बार अपने पिछले विश्व कप के निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ना चाहेगी। 2024 के संस्करण में टीम नौवें स्थान पर रही थी और ग्रुप चरण में अपने सभी चार मुकाबले हार गई थी। इस बार श्रीलंका को ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है, जहां उसके सामने कड़ी चुनौती रहने वाली है।

T20 World Cup 2026 के लिए श्रीलंका का अपडेटेड स्क्वॉड

चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंदिका दासनायका, निमाशा मदुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा, मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति।

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका का शेड्यूल

12 जून: इंग्लैंड के खिलाफ (एजबेस्टन)
16 जून: न्यूजीलैंड के खिलाफ (साउथेम्प्टन)
21 जून: वेस्टइंडीज के खिलाफ (ब्रिस्टल)
23 जून: आयरलैंड के खिलाफ (ब्रिस्टल)
26 जून: स्कॉटलैंड के खिलाफ (मैनचेस्टर)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here