नई दिल्ली : बीसीसीआई शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 श्रृंखला तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर सकता है। इस चयन पर खास तौर पर दो खिलाड़ियों—सूर्यकुमार यादव और वैभव सूर्यवंशी—पर सभी की नजरें टिकी होंगी। एक ओर हालिया खराब फॉर्म के कारण सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर चर्चा तेज है, वहीं दूसरी ओर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में शामिल किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। ऐसे में टीम चयन से जुड़े फैसले क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी दिलचस्प रहने वाले हैं।
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय टीम के संभावित चयन को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि सूर्यकुमार यादव को फिलहाल अपने मौके का इंतजार करना पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन की संभावना पर भी बात की और कहा कि यदि दो अलग-अलग टीमें बनाई जाती हैं, तो वैभव निश्चित रूप से दूसरी टीम का हिस्सा होने चाहिए। हालांकि अश्विन ने एक महत्वपूर्ण सवाल भी उठाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा टीम में कोई स्थान खाली नहीं है, तो वैभव को अंतिम एकादश या स्क्वाड में शामिल करना आसान नहीं होगा। उनके अनुसार, चयनकर्ताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए टीम में जगह कैसे बनाई जाए।
वैभव के चयन पर अश्विन ने दिया अनोखा उदाहरण
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने आगे कहा कि अगर मैं चयनकर्ता होता तो मैं वैभव से सीधे कहता कि मैंने उनके जैसा खिलाड़ी कभी नहीं देखा। आप खास हैं और मैं आपके हुनर का प्रशंसक हूं। मैं आपका फैन हूं, लेकिन हमारी क्लास या स्कूल में अभी कोई सीट खाली नहीं है। अभी हमारे स्कूल में आपके लिए एडमिशन नहीं हो सकता। प्लीज, किसी दूसरे स्कूल मत जाइएगा बस बाहर इंतजार कीजिए। अगर कोई भी मौका मिलता है या कोई जगह खाली होती है, तो मैं आपको सीट दे दूंगा। यह बात याद रखिएगा आप चाहे कितने भी बड़े खिलाड़ी क्यों न हों टीम सबसे पहले आती है। टीम खिलाड़ियों के लिए होती है, खिलाड़ी टीम के लिए नहीं होते।
खराब फॉर्म के बावजूद सूर्या के समर्थन में उतरे अश्विन
वैभव सूर्यवंशी को जल्दबाजी से बचने और भारत के लिए पदार्पण का धैर्यपूर्वक इंतजार करने की सलाह देते हुए आर अश्विन ने कहा कि सूर्यकुमार यादव को अभी और अवसर मिलने चाहिए, भले ही उनसे कप्तानी की जिम्मेदारी वापस ले ली जाए। पूर्व भारतीय स्पिनर का मानना है कि हाल ही में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम को खुद को साबित करने के लिए थोड़ा और समय दिया जाना चाहिए, क्योंकि उस अभियान का हिस्सा रहे सभी खिलाड़ी इसके हकदार हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने कहा कि उनकी राय में सूर्यकुमार को कप्तान न बनाया जाए, लेकिन उन्हें एक-दो और सीरीज में खेलने का मौका जरूर मिलना चाहिए। इसके बाद भी यदि उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहता है, तो चयनकर्ता आगे का फैसला ले सकते हैं। साथ ही उन्होंने टीम प्रबंधन से खिलाड़ियों के साथ स्पष्ट और पारदर्शी संवाद बनाए रखने की भी बात कही।


