nst news, भोपाल. खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित आरोह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026 के अंतर्गत सोमवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में यातायात सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में पुलिस आरक्षक गिरीश सारस्वत ने शिविरार्थियों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों को यातायात सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। प्रतिभागियों ने सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने यातायात संकेतों, सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने और दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी प्राप्त की। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया।


