नई दिल्ली. अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को सोमवार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने सम्मानित किया। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मुख्यालय में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का अभिनंदन किया गया। भारतीय पुरुष टीम ने कप्तान केतन कुशवाहा के नेतृत्व में जापान को फाइनल में 4-1 से हराकर अंडर-18 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 61.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं महिला टीम ने कप्तान स्वीटी कुजूर की अगुवाई में कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है तथा देश को उन पर गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।समारोह में पुरुष टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी आशीष तानी पुर्ती, महिला टीम की शीर्ष स्कोरर नौशीन नाज़ तथा टूर्नामेंट में 10 गोल बचाने वाले गोलकीपर आयुष राजक को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा भारतीय महिला टीम की कोच रानी रामपाल और पुरुष टीम के कोच सरदारा सिंह को भी उनकी उत्कृष्ट कोचिंग के लिए सम्मानित किया गया।


