स्ट्राइकर लिगेसी और ब्लू डेविल्स सेमीफाइनल में, खेलो भोपाल बेबी लीग फुटबॉल में रोमांच चरम पर

0

NST NEWS, भोपाल. टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित खेलो भोपाल बेबी लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में ओपन कैटेगरी बालिका वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्ट्राइकर लिगेसी ने लॉयल फुटबॉल क्लब को 2-1 से हराकर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली। स्ट्राइकर लिगेसी की ओर से हेतल और भूमि ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं लॉयल फुटबॉल क्लब की ओर से एकमात्र गोल भूमि ने किया, लेकिन उनकी टीम हार से नहीं बच सकी।

इसी वर्ग के दूसरे मुकाबले में ब्लू डेविल्स फुटबॉल क्लब ने टीटीएनएस एफसी को 4-1 से हराकर पूल-बी से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। ब्लू डेविल्स की ओर से लक्ष्मी ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल किए, जबकि तनु और काव्या ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीटीएनएस एफसी की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

प्रतियोगिता के अंडर-20 आयु वर्ग में पहला सेमीफाइनल मुकाबला शैडो एफसी और ईगल फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अपेक्स एफसी का सामना टाइटन फुटबॉल क्लब से होगा। वहीं अंडर-15 वर्ग में पहला सेमीफाइनल फाइट फुटबॉल क्लब और इंस्टीट्यूट फुटबॉल क्लब के बीच तथा दूसरा सेमीफाइनल बलेज यूनाइटेड और ब्लू फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा। आगामी सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here