4 बाउंड्री और 150 स्ट्राइक रेट के बावजूद वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन रहा फीका

0

नई दिल्ली: IPL 2026 में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दांबुला में श्रीलंका ए के खिलाफ वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के अहम मुकाबले में महज 15 साल के इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज की पारी 21 रन पर थम गई। आईपीएल में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव इस टूर्नामेंट में लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं, लेकिन ट्राई सीरीज में अब तक वह अपनी उसी लय और आक्रामक अंदाज को पूरी तरह हासिल नहीं कर पाए हैं। फैंस को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में यह युवा स्टार फिर से अपने बल्ले का जादू दिखाएगा।

तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम को इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला। टीम को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी वैभव सूर्यवंशी पर थी और उन्होंने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, उनकी पारी पर जल्द ही लंका के गेंदबाद सहान अराच्चिगे ने विराम लगा दिया।

वैभव ने अपनी छोटी लेकिन तेज पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 21 रन बनाए और ऐसा लग रहा था कि वह इस बार बड़ी पारी खेल सकते हैं, लेकिन एक बार फिर उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। श्रीलंकाई ऑफ स्पिनर सहान अरच्चिगे ने उन्हें अपनी चाल में फंसा लिया। वैभव बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके और कवर पर कैच दे बैठे। वैभव के आउट होते ही इंडिया-ए को पहला बड़ा झटका लग गया।

Vaibhav Suryavanshi का श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में अब तक प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। शुरुआती दो मुकाबलों में उन्होंने 14 और 44 रन की पारियां खेलकर अपनी क्षमता की झलक जरूर दिखाई, लेकिन बड़ी पारी खेलने से चूक गए। अफगानिस्तान ए के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में इंडिया ए को हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद टीम इस मैच में वापसी के इरादे से उतरी। आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी कर सुर्खियां बटोरने वाले वैभव पर क्रिकेट फैंस की नजरें लगातार टिकी हुई हैं, क्योंकि उनसे हर मैच में बड़ी और मैच जिताऊ पारी की उम्मीद की जा रही है। हालांकि युवा बल्लेबाज ने अपनी प्रतिभा का अहसास जरूर कराया है, लेकिन अब उन्हें लंबी पारी खेलकर खुद को और मजबूती से साबित करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here