आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप: समीर और रोहित कन्याण ने जीते स्वर्ण, दूसरे दिन भारत के नाम पांच पदक

0

सुहल (जर्मनी)। आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने दो दिनों में कुल आठ पदक (चार स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य) हासिल कर पदक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। भारतीय टीम का व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में दमदार प्रदर्शन जारी है।

25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष स्पर्धा में समीर ने फाइनल में 28 हिट के साथ स्वर्ण पदक जीतकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष स्पर्धा में रोहित कन्याण ने शानदार निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर स्पर्धा में प्राची गायकवाड़ ने 354.7 अंकों के साथ रजत पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या बढ़ाई।

टीम स्पर्धाओं में भी भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में रोहित कन्याण, वेदांत नितिन वाघमारे और हितेश श्रीनिवासन की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीता। वहीं 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में समीर, अभिनव चौधरी और साहिल चौधरी ने भी कांस्य पदक हासिल कर भारत को एक और पोडियम फिनिश दिलाई।

राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि टीम ने चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की है और आने वाले मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने का लक्ष्य है। लगातार मिल रही सफलता भारतीय जूनियर निशानेबाजों की मजबूत तैयारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण है। अब भारतीय दल की नजर आगामी स्पर्धाओं में पदकों की संख्या बढ़ाने और चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखने पर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here