एफआईएच महिला नेशंस कप: भारत ने चिली को 6-0 से रौंदकर फाइनल में बनाई जगह

0

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 के सेमीफाइनल में चिली को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश कर लिया। कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय टीम ने मैच के शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना अमेरिका और मेजबान न्यूजीलैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

भारत ने छठे मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे नवनीत कौर ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। 13वें मिनट में सलीमा टेटे के बेहतरीन क्रॉस पर नवनीत ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने 14वें और 18वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। इस टूर्नामेंट में छह गोल के साथ दीपिका अब सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। 32वें मिनट में नेहा ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 कर दिया। इसके सात मिनट बाद रुतुजा दादासो पिसाल ने ओपन प्ले में शानदार रिवर्स हिट लगाकर छठा गोल दागा और चिली की वापसी की सभी उम्मीदों पर विराम लगा दिया। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में पेनल्टी कॉर्नर का बेहतरीन उपयोग करते हुए विपक्षी टीम को लगातार दबाव में रखा।

अंतिम क्वार्टर में चिली ने कुछ आक्रामक प्रयास किए, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने 6-0 की प्रभावशाली जीत के साथ फाइनल में जगह पक्की कर ली और पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार फॉर्म का एक बार फिर परिचय दिया। लगातार चार जीत के साथ भारतीय टीम अब खिताब जीतने से केवल एक कदम दूर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here