ऑकलैंड/जॉर्जटाउन। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज बेन सीयर्स टखने की चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन लिस्टर को 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। लिस्टर जल्द ही गुयाना में टीम से जुड़ेंगे, जहां सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले खेले जाएंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, बेन सीयर्स को मई में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट के बाद से टखने में दर्द की शिकायत थी। इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के अंतिम दिन यह दर्द फिर उभर आया। एहतियात के तौर पर उन्हें स्वदेश भेजा गया है ताकि उनका इलाज कराया जा सके। 27 वर्षीय बेन लिस्टर ने 2023 में वनडे पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक चार वनडे मैचों में छह विकेट लिए हैं। वह अप्रैल में बांग्लादेश दौरे पर भी न्यूजीलैंड की वनडे टीम का हिस्सा थे।
हाल के समय में न्यूजीलैंड के कई प्रमुख तेज गेंदबाज चोट और कार्यभार से जूझ रहे हैं। ब्लेयर टिकनर टखने की सर्जरी के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि विल ओ’रूर्के, काइल जैमीसन और मैट हेनरी को इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बाद आराम दिया गया है। हालांकि जैकब डफी पितृत्व अवकाश के बाद टीम में लौट आए हैं। वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 11 जुलाई से शुरू होगी। पहले तीन मुकाबले गुयाना में, जबकि अंतिम दो मैच बारबाडोस में खेले जाएंगे।


