कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा करते हुए बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम की कप्तानी सौंप दी है। करीब तीन साल बाद बाबर दोबारा इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। वहीं, लगातार खराब प्रदर्शन के कारण शान मसूद को कप्तानी से हटा दिया गया है, हालांकि उन्हें टीम में बरकरार रखा गया है। पाकिस्तान इस महीने के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा।
पीसीबी के हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद ने कहा कि टीम लगातार जीते हुए मुकाबले गंवा रही थी और कप्तानी में प्रभावी नेतृत्व की कमी साफ नजर आ रही थी। उनके मुताबिक कप्तान की भूमिका केवल टॉस तक सीमित नहीं होती, बल्कि मैच के दौरान सही फैसले लेना, डीआरएस का प्रभावी इस्तेमाल करना और टीम को जीत तक पहुंचाना भी उसकी अहम जिम्मेदारी है। पहला टेस्ट 25 जुलाई से तारौबा और दूसरा 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी।
शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने लगातार सात टेस्ट मुकाबले गंवाए, जो टीम के इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे लंबी हार की श्रृंखला है। उन्होंने 16 टेस्ट में कप्तानी की, जिसमें पाकिस्तान को 12 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से मसूद का बल्ला चला और उन्होंने कप्तान बनने के बाद दो शतक तथा सात अर्धशतक लगाए, लेकिन टीम को लगातार जीत दिलाने में वे सफल नहीं रहे।
बाबर आजम इससे पहले भी पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने 20 टेस्ट मैचों में 10 जीत दर्ज की थीं। उनकी कप्तानी में टीम ने दक्षिण अफ्रीका को घरेलू सीरीज में 2-0 से हराया था, जबकि बांग्लादेश और श्रीलंका में भी टेस्ट सीरीज जीती थी। अब एक बार फिर पीसीबी को उम्मीद है कि बाबर की कप्तानी में टीम टेस्ट क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करेगी।


