कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए स्कॉटलैंड रवाना हुईं मध्यप्रदेश की अंजली सिंह और माही लामा

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की प्रतिभाशाली मुक्केबाज अंजली सिंह (57 किग्रा) और माही लामा (60 किग्रा) का चयन 10 से 24 जुलाई तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी गुरुवार को स्कॉटलैंड के लिए रवाना हो गईं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उन्हें विभिन्न देशों के शीर्ष मुक्केबाजों के साथ अभ्यास करने और अनुभवी विदेशी कोचों के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।

कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस शिविर के दौरान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण वातावरण के साथ अलग-अलग देशों के मुक्केबाजों के खिलाफ स्पैरिंग का अवसर मिलेगा, जिससे उनके तकनीकी और मानसिक कौशल में और मजबूती आएगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंजली सिंह और माही लामा का कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए चयन मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी इस प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here