हांगझोउ वर्ल्ड कप और एशियाई खेल: NRAI ने राष्ट्रीय शूटिंग शिविर का किया ऐलान

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) ने हांगझोउ (चीन) में होने वाले ISSF वर्ल्ड कप और आइची-नागोया एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए हाई-परफॉर्मेंस राष्ट्रीय शूटिंग शिविर की घोषणा की है। 12 से 20 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष शिविर में राइफल, पिस्टल और शॉटगन वर्ग के 35 शीर्ष भारतीय निशानेबाज हिस्सा लेंगे। शिविर में भारत के स्टार निशानेबाज मनु भाकर, रुद्रांक्श बालासाहेब पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, इलावेनिल वलारिवन, ईशा सिंह और भौनीश मेंदिरत्ता जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार किया जाएगा।

खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए NRAI ने अनुभवी भारतीय और विदेशी कोचों की मजबूत टीम तैयार की है। ओलंपिक चैंपियन पीटर विल्सन ट्रैप वर्ग का मार्गदर्शन करेंगे, जबकि थॉमस फार्निक (राइफल), जलेना अरुनोविक (पिस्टल) और रिकार्डो फिलिपेली (स्कीट) विदेशी कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करेंगे। भारतीय कोचिंग टीम में राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता समरेश जंग और पूर्व ओलंपियन अनवर सुल्तान भी शामिल हैं। NRAI अध्यक्ष कालीकेश नारायण सिंह देव ने कहा कि आगामी कुछ महीने भारतीय निशानेबाजी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उनका कहना है कि इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन को अंतिम रूप देना है ताकि वे हांगझोउ वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। वहीं महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों के बीच तालमेल, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

शिविर का संचालन हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूशांप और हाई-परफॉर्मेंस मैनेजर रोनक पंडित की देखरेख में किया जाएगा। खिलाड़ियों को खेल विज्ञान, फिटनेस, चोटों से बचाव और मानसिक मजबूती के लिए 11 सदस्यीय स्पोर्ट्स साइंस टीम का भी सहयोग मिलेगा। राइफल और पिस्टल वर्ग का प्रशिक्षण 12 से 17 जुलाई, ट्रैप का 14 से 20 जुलाई, जबकि स्कीट वर्ग का विशेष प्रशिक्षण 9 जुलाई से शुरू हो चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here