लंदन। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हीदर नाइट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जा रहा एकमात्र टेस्ट मैच उनके 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला होगा। उनके साथ अनुभवी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट भी इसी ऐतिहासिक टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगी। 35 वर्षीय हीदर नाइट ने 2010 में इंग्लैंड के लिए पदार्पण किया था और अपने करियर में तीनों प्रारूपों को मिलाकर 320 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने 7,988 रन बनाए, जिसमें छह शतक शामिल हैं। वर्ष 2020 में टी20 विश्व कप के दौरान शतक लगाकर वह इंग्लैंड की पहली महिला क्रिकेटर बनी थीं, जिन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों में शतक जमाने का कारनामा किया।
नाइट की सबसे बड़ी उपलब्धि 2017 में लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ महिला वनडे विश्व कप जीतना रही। उन्होंने 2016 से 2025 तक इंग्लैंड की कप्तानी की और 199 मैचों में टीम का नेतृत्व करते हुए 134 मुकाबलों में जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया में एशेज हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। संन्यास की घोषणा करते हुए नाइट ने कहा कि इंग्लैंड के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ, मेडिकल टीम, परिवार और प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर अपने करियर का समापन करना उनके लिए बेहद खास है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद वह लंदन स्पिरिट फ्रेंचाइजी में जनरल मैनेजर की नई भूमिका निभाएंगी।
इंग्लैंड महिला टीम की प्रबंध निदेशक क्लेयर कॉनर ने कहा कि हीदर नाइट इंग्लैंड महिला क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों और कप्तानों में से एक रही हैं। उनके नेतृत्व, समर्पण और योगदान ने इंग्लैंड में महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।


