नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 में ‘गोल्डन बूट’ की जंग बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले शीर्ष छह खिलाड़ियों में से पांच अब भी अपनी-अपनी टीमों के साथ खिताब की दौड़ में बने हुए हैं, जिससे यह मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनल मेसी और फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे फिलहाल 8-8 गोल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। हालांकि असिस्ट के आधार पर एम्बाप्पे को बढ़त हासिल है। उन्होंने अब तक तीन असिस्ट किए हैं, जबकि मेसी के नाम दो असिस्ट दर्ज हैं। ऐसे में आगामी मुकाबले तय करेंगे कि प्रतिष्ठित ‘गोल्डन बूट’ आखिर किसके नाम होगा।
यही वजह है कि किलियन एम्बाप्पे ‘गोल्डन बूट’ हासिल करने की दौड़ में सबसे आगे हैं। किलियन एम्बाप्पे और लियोनल मेसी दोनों खिलाड़ियों के बीच विश्व कप करियर में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाने के लिए भी रोचक जंग चल रही है। लियोनल मेसी ने अब तक सभी विश्व कप में कुल मिलाकर 21 गोल किए हैं, जबकि किलियन एम्बाप्पे के नाम पर 20 गोल दर्ज हैं।
मौजूदा टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में इन दोनों के बाद नॉर्वे के एर्लिंग हॉलैंड का नंबर आता है। एर्लिंग हॉलैंड ने सात गोल किए हैं। हालांकि, अब उनके गोलों की संख्या बढ़ नहीं पाएगी, क्योंकि उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इसके अलावा इंग्लैंड के जूड बेलिंगहम और हैरी केन भी दौड़ में हैं। हालांकि, हैरी केन एक स्थान खिसक गए हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले होने के बाद हैरी केन अब पांचवें नंबर पर हैं। जूड बेलिंगहम अप्रत्याशित रूप से चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। पहले वह नौवें स्थान पर थे। इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंगहम ने फुटबॉल विश्व कप 2026 में अब तक छह गोल किये हैं, जबकि एक असिस्ट भी किया है।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन भी छह गोल के साथ ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं। उनके खाते में एक असिस्ट भी दर्ज है, लेकिन फीफा की आधिकारिक गोल्डन बूट तालिका में वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, फ्रांस के उस्मान डेम्बेले पांच गोल के साथ शीर्ष दावेदारों पर लगातार दबाव बनाए हुए हैं। स्पेन के मिकेल ओयार्जाबल ने अब तक चार गोल किए हैं और यदि उनकी टीम सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर फाइनल में पहुंचती है, तो उनके पास भी गोल्डन बूट की दौड़ में बड़ा उलटफेर करने का सुनहरा अवसर होगा।



