नई दिल्ली : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को सीधे गेमों में 21-14, 21-11 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। पूरे मुकाबले के दौरान भारतीय स्टार ने आक्रामक खेल और शानदार नियंत्रण का प्रदर्शन किया तथा बिना किसी परेशानी के जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
सिंधु ने पहले गेम से बनाई बढ़त
सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने लंबी रैलियों में नियंत्रण बनाए रखते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की और पहले गेम के इंटरवल तक 11-6 से आगे रहीं। इसके बाद उनके सटीक ड्रॉप शॉट, बैकहैंड और हाफ-स्मैश ने मलेशियाई खिलाड़ी पर लगातार दबाव बनाए रखा।
भारतीय स्टार ने पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी उन्होंने विरोधी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। सिंधु ने जल्द ही 8-2 की बढ़त बनाई और इंटरवल तक स्कोर 11-3 कर दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए 21-11 से गेम और मैच जीत लिया।
ध्रुव-तनीशा ने भी दूसरे दौर में बनाई जगह
मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
रोहन-रुत्विका को शुरुआती दौर में मिली हार
हालांकि मिश्रित युगल वर्ग में भारत को निराशा हाथ लगी। रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी पहले ही दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग के खिलाफ चुनौती पेश नहीं कर सकी। चीनी जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में 21-11, 21-10 से जीत दर्ज कर भारतीय जोड़ी का अभियान समाप्त कर दिया। अब भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों की उम्मीदें दूसरे दौर में पीवी सिंधु और ध्रुव कपिला-तनीशा क्रास्टो की जोड़ी पर टिकी होंगी। सिंधु यदि अपनी शानदार लय बरकरार रखती हैं, तो जापान ओपन के खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल रह सकती हैं।


