नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। विराट कोहली की वापसी के साथ इशान किशन को अंतिम एकादश से बाहर रखा गया है, जबकि शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर सहित तीन ऑलराउंडर्स को मौका मिला है। इसके अलावा अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव भी इस मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में शतक जड़ने वाले इशान किशन को विराट की वापसी के कारण जगह नहीं मिल सकी। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी अंतिम एकादश में शामिल नहीं किए गए। टीम प्रबंधन ने संतुलित संयोजन को प्राथमिकता देते हुए अलग रणनीति के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन में गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल संभालेंगे, जबकि दोनों बल्लेबाजी में भी अहम योगदान देने की क्षमता रखते हैं। टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से इस संयोजन को चुना है। मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉस हार गए। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के सामने शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की बड़ी चुनौती होगी।
पहले वनडे के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
पहले वनडे के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11
जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
यह आंकड़े भी जान लें:-
- जोस बटलर का यह 200वां वनडे मैच है। इंग्लैंड के इयोन मॉर्गन 225 के बाद वह यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं।
- जसप्रीत बुमराह 1 विकेट लेते ही 150 वनडे विकेट पूरे कर लेंगे।
- इंग्लैंड ने बर्मिंघम के एजबेस्टन में पिछले सातों वनडे मैच जीते हैं। आखिरी बार इंग्लैंड को 2014 में यहां भारत ने ही हराया था।


