24 साल बाद महामुकाबला, अर्जेंटीना की चुनौती या इंग्लैंड का दम, कौन पहुंचेगा फाइनल?

0

नई दिल्ली : अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें 16 जुलाई को जॉर्जिया के अटलांटा स्टेडियम में फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। एक ओर मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना की टीम होगी, जो लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, इंग्लैंड की नजरें 60 साल के लंबे इंतजार को खत्म करने पर होंगी।

1966 के बाद पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करने का सपना देख रही इंग्लैंड की टीम इस ऐतिहासिक मुकाबले में अर्जेंटीना को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है। इस मुकाबले में दुनिया की नजरें अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और इंग्लैंड के स्टार जूड बेलिंगहैम पर टिकी होंगी. अर्जेंटीना ने क्वार्टरफाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई, जबकि इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. दोनों टीमें शानदार लय में हैं और खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हैं.

मेसी बनाम बेलिंगहैम

लियोनेल मेसी एक बार फिर अर्जेंटीना की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं। 39 वर्ष की उम्र में भी वह टीम के आक्रमण की धुरी बने हुए हैं। गोल करने के साथ-साथ अपने साथियों के लिए अवसर बनाना और दबाव वाले मुकाबलों में टीम को संभालना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फीफा विश्व कप 2026 में अब तक मेसी ने 8 गोल दागे हैं और इसी के साथ वह फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में बराबरी पर बने हुए हैं।

सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में भी अर्जेंटीना को एक बार फिर अपने कप्तान से निर्णायक प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दूसरी ओर इंग्लैंड के युवा सुपरस्टार जूड बेलिंगहैम मिडफील्ड में टीम की जान हैं. उनकी बॉक्स-टू-बॉक्स क्षमता, गेंद पर नियंत्रण और निर्णायक मौकों पर गोल करने की कला इंग्लैंड को बेहद खतरनाक बनाती है. जूड बेलिंगहैम ने 2026 फीफा विश्व कप में इंग्लैंड के लिए 6 गोल किए हैं. हैरी केन के साथ उनकी साझेदारी विपक्षी डिफेंस के लिए बड़ी चुनौती होगी.

फाइनल की जंग में किस टीम का दबदबा?

अर्जेंटीना के पास बड़े मैचों का अनुभव और मजबूत टीम संयोजन है. 2022 की विश्व चैम्पियन टीम के अधिकांश खिलाड़ी अब भी साथ है. मेसी की अगुआई, मजबूत डिफेंस और तेज काउंटर अटैक अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत हैं. वहीं इंग्लैंड युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है. तेज विंग प्ले, मजबूत मिडफील्ड और सेट-पीस पर शानदार प्रदर्शन इंग्लैंड को बेहद खतरनाक बनाता है. कागजों पर दोनों टीमें काफी संतुलित नजर आती हैं. अर्जेंटीना के पास अनुभव और बड़े मैचों का दबदबा है, जबकि इंग्लैंड की ताकत उसकी युवा ऊर्जा, फिटनेस और आक्रामक फुटबॉल है.

अर्जेंटीना vs इंग्लैंड: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

अर्जेंटीना और इंग्लैंड की प्रतिद्वंद्विता विश्व फुटबॉल की सबसे चर्चित राइवलरी में से एक है. दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं.
-अर्जेंटीना की जीत: 3
-इंग्लैंड की जीत: 6
-ड्रॉ: 5

FIFA वर्ल्ड कप में पहले भी भिड़ चुके हैं अर्जेंटीना और इंग्लैंड

फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्जेंटीना और इंग्लैंड कई बार आमने-सामने आ चुके हैं. फीफा वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं. इंग्लैंड ने 3 मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना ने 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है.

  • 1962: ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड ने 3-1 से जीत दर्ज की
  • 1966: क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की.
  • 1986: क्वार्टरफाइनल में अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत हासिल की. इसी मैच में माराडोना ने ‘हैंड ऑफ
  • गॉड’ और ‘गोल ऑफ द सेंचुरी’ जैसे ऐतिहासिक गोल किए थे.
  • 1998: राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड को हराया.
  • 2002: ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की.

विश्व कप में अर्जेंटीना और इंग्लैंड की आखिरी भिड़ंत 2002 फीफा विश्व कप के ग्रुप चरण में हुई थी। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया था। इंग्लैंड की ओर से डेविड बेकहम ने पहले हाफ में पेनल्टी के जरिए मैच का एकमात्र गोल किया था, जो टीम की जीत का निर्णायक पल साबित हुआ।
अब करीब 24 साल बाद दोनों दिग्गज टीमें एक बार फिर फीफा विश्व कप के मंच पर आमने-सामने होंगी। इस बार मुकाबला 2026 विश्व कप के सेमीफाइनल में होगा, जहां अर्जेंटीना लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचने के इरादे से उतरेगा। वहीं, इंग्लैंड 1966 के बाद दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाने और खिताब के सूखे को खत्म करने की कोशिश करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here