आकाश चोपड़ा ने चुनी क्रिकेट इतिहास की 6 सर्वश्रेष्ठ कप्तान-कोच जोड़ियां

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने क्रिकेट इतिहास की अपनी पसंदीदा छह कप्तान-कोच जोड़ियों की रैंकिंग जारी की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इन जोड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, उपलब्धियों और टीम पर पड़े प्रभाव के आधार पर किया। खास बात यह रही कि उन्होंने पहले स्थान पर किसी भारतीय कप्तान-कोच की जोड़ी को नहीं चुना। हालांकि, उनकी टॉप-6 सूची में तीन भारतीय जोड़ियों को जगह मिली है। इनमें रोहित शर्मा-राहुल द्रविड़, विराट कोहली-रवि शास्त्री और सौरव गांगुली-जॉन राइट शामिल हैं। आइए जानते हैं कि आकाश चोपड़ा ने किस कप्तान-कोच की जोड़ी को कौन-सा स्थान दिया।

टॉप सूची में पांचवें स्थान पर रहे रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ कप्तान-कोच जोड़ियों को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने अपनी सूची में छठे स्थान पर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की जोड़ी को रखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश ने कहा, इस जोड़ी ने ‘बैजबॉल’ शैली से क्रिकेट को रोमांचक जरूर बनाया, लेकिन अपेक्षित नतीजे हासिल नहीं कर सकी। उनका मानना था कि केवल आकर्षक क्रिकेट ही किसी साझेदारी की सफलता का पैमाना नहीं हो सकता, बल्कि परिणाम भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं। वहीं, उन्होंने रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ की जोड़ी को अपनी रैंकिंग में पांचवां स्थान दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रोहित और राहुल के बारे में आकाश ने कहा कि इनकी साझेदारी काफी अच्छी रही और इस जोड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप टाइटल भी जीता। ये दोनों वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंचे थे, लेकिन जीत नहीं पाए। इसके बाद आकाश ने नंबर 4 पर विराट कोहली और रवि शास्त्री की जोड़ी को रखा और कहा कि इनके रहते हुए भारत कोई आईसीसी ट्रॉफी तो नहीं जीत पाया, लेकिन ये समय काफी अलग था। इस साझेदारी के बीच भारत के टेस्ट क्रिकेट का गोल्डन एरा था।

आकाश चोपड़ा ने अपनी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर सौरव गांगुली और जॉन राइट की जोड़ी को रखा। उनके अनुसार, इस जोड़ी ने भारतीय क्रिकेट की सोच और संस्कृति को नई दिशा दी। टीम ने विदेशी सरजमीं पर जीत दर्ज करना शुरू किया और 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल तक का यादगार सफर तय किया। वहीं, दूसरे स्थान पर उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और स्टीफन फ्लेमिंग की जोड़ी को रखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  आकाश का कहना था कि इस जोड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच आईपीएल खिताब दिलाए और लंबे समय तक निरंतर सफलता हासिल की। उनके मुताबिक, धोनी और फ्लेमिंग की साझेदारी आईपीएल इतिहास की सबसे सफल कप्तान-कोच जोड़ियों में से एक रही है।

स्टीव वॉ-जॉन बुकानन की जोड़ी को मिला पहला स्थान

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  आकाश चोपड़ा ने अपनी सर्वश्रेष्ठ कप्तान-कोच जोड़ियों की सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के स्टीव वॉ और जॉन बुकानन की जोड़ी को रखा। उनके अनुसार, इस जोड़ी का विश्व क्रिकेट पर लंबे समय तक दबदबा रहा और इन्होंने लगभग हर देश और हर महाद्वीप में जाकर लगातार जीत हासिल की। आकाश ने कहा कि स्टीव वॉ और जॉन बुकानन की साझेदारी ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और टीम ने विश्व क्रिकेट में अपना वर्चस्व स्थापित किया। उनके मुताबिक, लगातार शानदार प्रदर्शन और बड़ी उपलब्धियों के दम पर यह जोड़ी पहले स्थान की पूरी हकदार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here