एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ), जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। मंत्री ने भर्ती रैली के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री सारंग ने कहा कि अग्निवीर भर्ती रैली प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी हितैषी वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सेना भर्ती कार्यालय और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसे देखते हुए यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आयोजन से पहले संयुक्त निरीक्षण और व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग को 400 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक, परीक्षण क्षेत्र, खेल मैदान और अन्य खेल अधोसंरचना पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, चिकित्सकों, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, कचरा प्रबंधन और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल, टेंट, शेड, बैठने की व्यवस्था, पंखे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सेना के अधिकारियों और जवानों के आवास, परिवहन और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। साथ ही अभ्यर्थियों के रात्रि विश्राम और परिवहन की व्यवस्था, अस्थायी विद्युत कनेक्शन, जनरेटर बैकअप, इंटरनेट सुविधा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सहायता केंद्र तथा दस्तावेज सत्यापन के लिए कंप्यूटर और ऑपरेटर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए न्यूनतम दरों पर भोजन और नाश्ते के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि भर्ती रैली शुरू होने से पहले सेना भर्ती कार्यालय, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक एवं स्थल निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सफल आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उल्लेखनीय है कि सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त तक नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। इसमें मध्य प्रदेश के 15 जिलों भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, अशोकनगर, गुना, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, दमोह और पन्ना के अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों में भाग लेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु और एजुकेशन हवलदार श्रेणी की भर्ती भी आयोजित की जाएगी।


