नई दिल्ली. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में सिंधु ने चीन की दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी हान यू को लगातार गेमों में 21-16, 21-14 से हराया। मुकाबला केवल 35 मिनट तक चला। इस जीत के साथ सिंधु ने हान यू के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखते हुए दोनों खिलाड़ियों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का मुकाबला जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में वॉकओवर मिलने के कारण बिना खेले ही अंतिम आठ में जगह मिल गई। सिंधु की इस जीत से भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। वह इस प्रतिष्ठित सुपर-750 टूर्नामेंट में खिताब की मजबूत दावेदारों में शामिल हैं।


