नई दिल्ली : भारत ने अगले महीने होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। प्रो लीग के यूरोप चरण के लिए 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया था, लेकिन विश्व कप नियमों के तहत अंतिम टीम में केवल 20 खिलाड़ियों को ही जगह मिली है। इसी कारण डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा, मिडफील्डर राजकुमार पाल और रविचंद्र सिंह मोइरांगथाम के साथ फॉरवर्ड सेल्वम कार्ति अंतिम स्क्वॉड में स्थान नहीं बना सके। चयनकर्ताओं ने अनुभव और मौजूदा फॉर्म को ध्यान में रखते हुए विश्व कप के लिए संतुलित टीम का चयन किया है।
भारत का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। पिछले महीने एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण के बाद भारतीय टीम ने 16 मैचों में चार जीत, पांच ड्रॉ और सात हार के साथ नौ टीमों में पाकिस्तान से एक स्थान ऊपर आठवां स्थान हासिल किया। आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारतीय टीम अब तक केवल एक बार, 1975 में, हॉकी विश्व कप का खिताब जीत सकी है। पिछली बार 2023 में भुवनेश्वर में आयोजित विश्व कप में मेजबान भारत नौवें स्थान पर रहा था। हालांकि, विश्व कप इतिहास में भारत ने 1971 में बार्सिलोना में कांस्य और 1973 में एम्स्टर्डम में रजत पदक भी अपने नाम किए हैं।
हरमनप्रीत सिंह फिर बने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान
पेरिस ओलंपिक में भारत को लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाने वाले हरमनप्रीत सिंह टीम के कप्तान होंगे। वहीं तोक्यो ओलंपिक 2020 में 41 साल का इंतजार खत्म करके भारत को कांसा दिलाने वाले मनप्रीत सिंह मिडफील्ड की रीढ होंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा ,’ यह काफी संतुलित टीम है जिसमें युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है। खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है।’
पूल डी में भारत, कठिन चुनौती के लिए तैयार
भारत को पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है । भारत के सभी पूल मैच नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में होंगे। फुल्टन ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा ,’ हमले, जवाबी हमले और प्रदर्शन यही टीम की तैयारी का आधार है और हम इसी बारे में सोचते हैं । हम मैच दर मैच रणनीति बनायेंगे।’
भारतीय टीम के मुकाबलों का पूरा कार्यक्रम
भारतीय टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से उसका मुकाबला होगा। इन तीनों मुकाबलों के नतीजे भारत की नॉकआउट दौर की राह तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा, “1975 के बाद से भारत विश्व कप नहीं जीत पाया है, लेकिन मौजूदा टीम में भारतीय हॉकी के इतिहास का नया अध्याय लिखने का दम है।”
भारतीय टीम
- गोलकीपर : मोहित एचएस, सूरज करकेरा
- डिफेंडर : जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय,
- सुमित, यशदीप सिवाच
- मिडफील्डर : राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा और विवेक सागर
- प्रसाद फॉरवर्ड : दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक ।


