नई दिल्ली : जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत को एकतरफा प्रबल दावेदार मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि दोनों टीमों के बीच कड़ी और रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी तथा जीत की संभावना दोनों पक्षों के लिए बराबर होगी। रजा ने यह भी कहा कि विश्व चैंपियन भारत का हालिया टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम इंडिया को हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जिससे जिम्बाब्वे का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
भारत का हालिया टी20 प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला में टीम को चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऐसे में अब टीम इंडिया के पास जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में जीत की राह पर लौटने का सुनहरा अवसर होगा। दोनों टीमों के बीच श्रृंखला का पहला मुकाबला गुरुवार, 23 जुलाई से खेला जाएगा।
श्रृंखला बेहद रोमांचक होगी : सिकंदर रजा
रजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘इस श्रृंखला में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह श्रृंखला बेहद रोमांचक होगी।’ जिम्बाब्वे ने फरवरी में कोलंबो में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। उसने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की हैं।
भारत को आसान नहीं होगी चुनौती, रजा का बड़ा दावा
सिकंदर रजा ने कहा, “जहां तक जीत-हार का सवाल है, दोनों टीमों के पास यह श्रृंखला जीतने के बराबर के मौके हैं। भारत इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जिससे यह सीरीज और भी रोमांचक हो गई है। मुझे नहीं लगता कि यह शृंखला एकतरफा होगी।” भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा और तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला क्रमशः 25 और 26 जुलाई को खेला जाएगा।


