नई दिल्ली : इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका अंडर-19 टीम को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में 211 रन से हरा दिया। भारत की इस जीत में मनल चौहान, कुशाग्र ओझा और लक्ष्य राजेश रायचंदानी की शतकीय पारियों का अहम योगदान रहा। वहीं, रोहित यादव और चिगुरुपति वेंकट ने अपनी शानदार गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान किया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद भारत ने पहली पारी में 411 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम पहली पारी में 148 रन के स्कोर पर सिमट गई और भारत को पहली पारी में 263 रन की बढ़त मिल गई। दूसरी पारी में भारत ने 3 विकेट पर 208 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी और भारत की कुल बढ़त 471 रन की हो गई और श्रीलंका को जीत के लिए 472 का लक्ष्य मिला। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 260 रन पर आउट हो गई और भारत को बड़ी जीत मिली।
रोहित यादव की धारदार गेंदबाजी ने बदला मैच का रुख
दूसरी पारी में भारत के लिए रोहित यादव ने कमाल की गेंदबाजी की और कुल 4 विकेट लिए तो वहीं चिगुरुपति वेंकट को भी 3 सफलता मिली। कप्तान यशवर्धन, जगन्नाथ और प्रणव ने भी एक-एक विकेट लिए। इस मैच में रोहित ने पहली पारी में भी 2 विकेट लिए थे और उन्होंने कुल 6 विकेट हासिल किए। वेंकट को भी पहली पारी में 2 विकेट मिले थे और उन्होंने इस मैच में कुल 5 विकेट लिए। पहली पारी में प्रणव और जगन्नाथ को भी 2-2 सफलता मिली थी।
मनल, कुशाग्र और लक्ष्य की सेंचुरी से भारत ने बनाया जीत का आधार
भारत की पहली पारी में कुशाग्र ओझा ने 111 रन और मनल चौहान ने शानदार 150 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दूसरी पारी में लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने नाबाद 100 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि मनल चौहान ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में एक छक्का और सात चौकों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। पहली पारी में कप्तान यशवर्धन चौहान ने भी 78 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में सेनूजा वेकुनागोडा और विमथ दिनसारा ने 64-64 रन बनाए, जबकि पहली पारी में दुलनिथ सिगेरा 31 रन के साथ टीम के सर्वाधिक स्कोरर रहे।


