नर्मदापुरम: इटारसी विकासखंड के ग्राम चांदौन के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उनका चयन एफआईएच हॉकी विश्व कप-2026 के लिए घोषित भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में विवेक भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान पर उतरेंगे। उनके चयन से नर्मदापुरम जिले के साथ-साथ पूरे मध्य प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
विश्व कप चयन पर कलेक्टर ने दी बधाई
नर्मदापुरम जिले के कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विवेक सागर प्रसाद के चयन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नर्मदापुरम और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विवेक अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, प्रदेश और जिले का नाम और ऊंचा करेंगे। कलेक्टर ने यह भी कहा कि विवेक की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और उनकी सफलता खेलों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी।
बेहतरीन मिडफील्डर हैं विवेक सागर प्रसाद
विवेक सागर प्रसाद लंबे समय से भारतीय हॉकी टीम के अहम सदस्य रहे हैं. उनकी तेज रफ्तार, बेहतरीन मिडफील्ड नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम की बड़ी ताकत माने जाते हैं. लगातार मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर विश्व हॉकी के सबसे बड़े मंच पर जगह बनाई है. भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि वरिष्ठ मिडफील्डर मनप्रीत सिंह भी टीम का हिस्सा हैं. मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम को अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन बताते हुए विश्व कप में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.
15 अगस्त को मैदान में उतरेगी भारतीय हॉकी टीम
विश्व कप में भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी. इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा. स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले पहले मैच के साथ ही देशवासियों की निगाहें विवेक सागर प्रसाद और भारतीय टीम के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी.


