नई दिल्ली: जिम्बाब्वे के खिलाफ शनिवार (25 जुलाई) को खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में तिलक वर्मा ने शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 206.90 का रहा। इस पारी की बदौलत तिलक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस सूची में महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और अपने साथी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अब तक 58 टी20 मैचों की 55 पारियों में 44.16 के औसत और 145.37 के स्ट्राइक रेट से 1,634 रन बनाए हैं। उन्होंने दो शतक और नौ अर्धशतक जड़े हैं। इसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 120 रन रहा है। तिलक ने धोनी को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 98 टी20 मैचों में 37.60 के औसत और 126.13 के स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतक के साथ 1,617 रन बनाए हैं।
तिलक वर्मा ने रैना को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 78 मैचों में 29.18 के औसत और 134.87 के स्ट्राइक रेट से 1,605 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। टी20 में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रोहित शर्मा (4,231 रन), विराट कोहली (4,188) और सूर्यकुमार यादव (3,272) हैं। तिलक वर्मा ने इस साल 18 टी20 पारियों में 34.69 के औसत और लगभग 149 के स्ट्राइक रेट से 451 रन बनाए हैं। उन्होंने तीन अर्द्धशतक बनाए हैं। इसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 60 रन अब इस साल का उनका सर्वोच्च स्कोर है।




