नई दिल्ली : इंग्लैंड के वनडे कप में भारत के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने क्लिफ्टन पार्क ग्राउंड पर डरहम के खिलाफ यॉर्कशायर की शानदार जीत में अहम योगदान दिया। कुलदीप ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (12) को जॉर्ज हिल के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने कॉलिन एकरमैन (26) का भी विकेट हासिल किया। टूर्नामेंट में चार मुकाबलों में कुल 8 विकेट लेने वाले कुलदीप ने इस मैच में 10 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत यॉर्कशायर ने डरहम की पूरी टीम को 48.1 ओवर में 165 रन पर समेट दिया। जेम्स व्हार्टन (नाबाद 68) और सैम व्हाइटमैन (नाबाद 52) की फिफ्टी की मदद से यॉर्कशायर ने 41 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। एक अन्य मैच में ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा (5/51) ने लिस्ट ए क्रिकेट में अपना पहला फाइव-विकेट हॉल हासिल किया। इससे हैम्पशायर ने चेम्सफोर्ड काउंटी ग्राउंड पर एसेक्स को तीन विकेट से हराया।
हैम्पशायर ने दर्ज की शानदार जीत
आशुतोष के निरंतर विकेट लेने की वजह से हैम्पशायर ने एसेक्स को 49 ओवर में 317 रन पर रोक दिया। जवाब में, जेम्स फुलर (नाबाद 58), कप्तान निक गुबिंस (53) और टॉम प्रेस्ट (51) की अर्धशतकीय पारी की मदद से हैम्पशायर ने 47.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
आशुतोष शर्मा की गेंदबाजी का जलवा
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में विस्फोटक फिनिशर के रूप में पहचान बना चुके आशुतोष शर्मा ने इंग्लैंड के वनडे कप में गेंद से भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। यॉर्कशायर के खिलाफ पदार्पण मैच में उन्होंने 48 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके बाद मिडिलसेक्स के खिलाफ 54 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। हालांकि 29 जुलाई को ग्लॉस्टरशायर के खिलाफ वह 49 रन देकर 1 विकेट ही ले सके। इसके बावजूद आशुतोष ने चार मुकाबलों में 15.53 की औसत से 13 विकेट अपने नाम किए हैं और मौजूदा वनडे कप सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।


