नई दिल्ली : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) के 13वें मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली ने आर्यन गौर की बेहतरीन 91 रन की पारी की बदौलत 8 विकेट पर 177 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 150 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी। इस जीत के साथ पुरानी दिल्ली 6 ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और अंकतालिका में छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच गई।
इस हार के साथ न्यू दिल्ली टाइगर्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी हार झेली और टीम फिलहाल अंकतालिका में छठे स्थान पर है। दूसरी ओर, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अपने चारों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाए रखा है। आउट दिल्ली वॉरियर्स तीन मैचों में दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि पुरानी दिल्ली 6 इस जीत के बाद तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, वेस्ट दिल्ली लायंस तीन मैचों में दो जीत के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स पांचवें नंबर पर है, जबकि साउथ दिल्ली सुपर स्टार्स सातवें स्थान पर है। दूसरी ओर, ईस्ट दिल्ली राइडर्स अब तक अपना जीत का खाता नहीं खोल सकी है और अंकतालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।
टॉप-5 बल्लेबाज
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो यश ढुल सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 4 पारियों में 217 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे नंबर पर अनुज रावत हैं, जिन्होंने 4 पारियों में 167 रन बनाए हैं। वहीं, लक्ष्य थरेजा ने 4 पारियों में 163 रन जोड़कर तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा सार्थक रंजन ने सिर्फ 2 पारियों में 159 रन बनाकर चौथे स्थान पर कब्जा जमाया है, जबकि यजस शर्मा ने 3 पारियों में 155 रन बनाकर टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में अपनी जगह बनाई हुई है। बल्लेबाजी की यह रेस लगातार रोमांचक होती जा रही है और आने वाले मुकाबलों में इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
टॉप-5 गेंदबाज
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में गेंदबाजों की दौड़ भी काफी रोमांचक बनी हुई है। ऋतिक शौकीन अब तक सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 8 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर लक्ष्मण हैं, जिन्होंने 4 मुकाबलों में 7 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, कुलवंत खेजरोलिया, आशीष मीणा और मनन भारद्वाज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 मैचों में 6-6 विकेट हासिल किए हैं। टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ विकेटों की यह होड़ और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।


